वाराणसी , अगस्त 26 -- रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए सरकार ने परिवहन और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रोडवेज बसों, निजी बसों, टैक्सियों और ई-रिक्शा के सुरक्षित संचालन पर विशेष जोर दिया गया है।
योगी सरकार ने 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि 12 बजे तक महिलाओं को एक सहयात्री के साथ रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी है।
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर निगम की सभी बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की जांच के निर्देश दिए गए हैं। चालकों और परिचालकों की ड्यूटी से पहले जांच की जाएगी और नशे की हालत में किसी को ड्यूटी नहीं करने दी जाएगी। निजी बस संचालकों को चालकों-परिचालकों का पुलिस या चरित्र सत्यापन कराने तथा टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का आवश्यक सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से सड़क सुरक्षा, रूट डायवर्जन और यातायात नियमों का पालन कराया जाएगा। ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, माल वाहनों व ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन, तेज आवाज वाले डीजे और वाहनों में अवैध बदलाव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित