अलवर , अगस्त 28 -- राजस्थान में रक्षाबंधन पर्व को लेकर अलवर के केंद्रीय बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह से ही महिला यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए घरों की ओर रवाना होती नजर आईं। बस स्टैंड पर चारों तरफ रक्षाबंधन के उत्साह के बीच महिलाओं और बच्चों की भीड़ दिखाई दी। सामान्य दिनों की तुलना में महिला यात्रियों की संख्या करीब दोगुनी रही।

राज्य सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए 28 और 29 अगस्त को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गयी है। निशुल्क यात्रा का लाभ लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं बस स्टैंड पहुंचने लगीं।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया, ताकि बहनों को अपने घर पहुंचने में परेशानी नहीं हो। बस स्टैंड पर भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किये गये हैं। ड्यूटी प्रभारी के अनुसार महिलाओं और बच्चों की सुविधा के लिए कर्मचारियों को तैनात किया गया है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें लगायी जा रही हैं।

बस स्टैंड पर बहनों में रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। कोई भाई की कलाई पर राखी बांधने की जल्दी में दिखी तो कोई बच्चों के साथ अपने मायके की ओर रवाना होती नजर आयी। निशुल्क बस सेवा के चलते अलवर बस स्टैंड पर रक्षाबंधन की भीड़ ने त्योहार की रौनक और बढ़ा दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित