मुरैना , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला जेल में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और भावनाओं का मार्मिक दृश्य देखने को मिला। सुबह करीब नौ बजे से ही जेल में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते जेल परिसर के बाहर बहनों की भीड़ जुट गई।
जेल में बंद भाइयों से मिलने पहुंचीं बहनों के चेहरों पर भाई से मिलने की खुशी के साथ कई बहनों की आंखों में भावुकता भी नजर आई। राखी बांधते समय बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा जल्द घर लौटने की कामना की। इस दौरान भाई-बहन के बीच कई भावुक पल देखने को मिले।
जेल अधीक्षक एसके शर्मा ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक करीब 400 बहनें अपने भाइयों को राखी बांध चुकी थीं। बहनों को राखी बांधने के लिए दोपहर तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया था।
रक्षाबंधन को लेकर जिला जेल प्रशासन ने सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए थे। जेल परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की गई और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई। त्योहार के अवसर पर जेल प्रशासन ने भाई-बहनों की मुलाकात और राखी बांधने की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित