कपूरथला , जुलाई 14 -- रक्षाबंधन के अवसर पर राखियों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग के कपूरथला मंडल ने विशेष व्यवस्था की है।
पन्द्रह जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक मंडल के सात प्रमुख डाकघर रविवार और डाक अवकाश के दिनों में भी सुबह नौ बजे से शाम 4:30 बजे तक खुले रहेंगे।
कपूरथला मंडल के डाक अधीक्षक विकास शर्मा ने मंगलवार को बताया कि रक्षाबंधन के दौरान राखी डाक की संख्या में होने वाली बढ़ोतरी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इन विशेष दिनों में ग्राहक राखी और अन्य डाक सामग्री की बुकिंग करा सकेंगे, ताकि देशभर में समय पर उनकी डिलीवरी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि डाक सेवाओं के साथ-साथ सभी निर्धारित डाकघरों में आधार नामांकन और आधार अपडेट की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
विशेष व्यवस्था के तहत जिन डाकघरों को शामिल किया गया है, उनमें कपूरथला प्रधान डाकघर, फगवाड़ा प्रधान डाकघर, एलपीयू कैंपस डाकघर (यूसीएनएन), सुल्तानपुर लोधी उप डाकघर, नूरमहल उप डाकघर, करतारपुर उप डाकघर और नकोदर उप डाकघर शामिल हैं।
डाक अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने और अपने प्रियजनों तक राखियां समय पर पहुंचाने के लिए अग्रिम रूप से डाक बुकिंग करायें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी ग्राहकों को त्वरित, विनम्र और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध करायी जायें, ताकि त्योहार के दौरान डाक सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित