हरिद्वार , जुलाई 24 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने जनसेवा के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई।
रुड़की नगर निगम की महापौर अनिता अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित रक्तदान शिविर में यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में अपर यातायात उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर यातायात उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार तथा कांस्टेबल लवकेश मौर्य ने रक्तदान किया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है और एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार या घायल व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है, इसलिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक एवं मानवीय दायित्वों के निर्वहन में भी पुलिस हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। रक्तदान शिविर में पुलिसकर्मियों की सहभागिता ने मानवता और सेवा भाव का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित