मुरैना , फरवरी 20 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में विरोधियों को फंसाने के लिए अपने ही रिश्तेदार की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा होने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 12 फरवरी को पुरानी रंजिश के चलते सरायछोला थाना क्षेत्र के केंथरी गांव में देवेंद्र गुर्जर और बल्लू गुर्जर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गिर्राज, आशु, गौतम, रवि और छोटू गुर्जर सहित कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।

मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपियों ने विरोधी पक्ष को फंसाने के लिए साजिश रची। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने ही रिश्तेदार सत्यवीर गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी और इस मामले में विरोधियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर विशेष टीम गठित की। जांच में सामने आया कि गिर्राज गुर्जर और शैलेंद्र गुर्जर ने ही सत्यवीर गुर्जर की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित