अलवर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को रात में हसनपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान प्रमोद के रूप मे हुई है।
मृतक के चाचा रामावतार ने सोमवार को बताया कि वह रविकान्त और प्रदीप के साथ घर के पीछे बाजरे की कड़बी लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के मोहन और महेंद्र गाड़ी से पहुंचे और प्रमोद को गंभीर हालत में गाड़ी से बाहर पटक कर भागने लगे। इस पर प्रमोद के परिजनों ने गाड़ी को रोककर महेंद्र को पकड़ लिया, जबकि मोहन हाथ में लोहे का सरिया लहराते हुए फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार प्रमोद के शरीर पर जगह-जगह गंभीर चोटों के निशान थे। उसे लक्ष्मणगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले खेत से जुड़े विवाद को लेकर प्रमोद का आरोपियों से विवाद हुआ था और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते योजना बनाकर हत्या की गई।
थानाधिकारी राजेश कुमार मीना ने बताया कि हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित