जालौन , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के डकोर विकासखंड की ग्राम पंचायत रंगोली में शुक्रवार देर रात प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्यमंत्री तथा जालौन जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा।

इस अवसर पर उन्होंने गांव में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यत्रियों की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा छोटे बच्चों को अन्नप्राशन कराकर उनके स्वस्थ भविष्य की कामना की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

रात्रि जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

संजय सिंह गंगवार ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से अब तक गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा कौशल विकास योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। रात्रि जन चौपाल का उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना है जो अभी तक किसी कारणवश सरकारी योजनाओं से नहीं जुड़ सके हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ घनश्याम अनुरागी सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा जल शक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित