नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दक्षिण-पश्चिम जिले के रंगपुरी पहाड़ी स्थित 'इजरायल कैंप' में जल संकट को लेकर दिल्ली उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
श्री यादव ने बयान जारी कर कहा कि लगभग 20 हजार आबादी वाले इस जेजे क्लस्टर में पीने के पानी की गंभीर कमी संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का उल्लंघन है। भीषण गर्मी के बीच यहां के निवासियों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को भारी शारीरिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली जल बोर्ड को प्रतिदिन 15 टैंकर (9 किलोलीटर क्षमता) तैनात करने के निर्देश होने के बावजूद केवल 6-7 टैंकर भेजे जा रहे हैं, जो नाकाफी हैं। उन्होंने मांग की कि गर्मी को देखते हुए कम से कम 30 टैंकर रोजाना उपलब्ध कराए जाएं।
इसके अलावा कैंप की पानी की जरूरत पूरी करने वाले बोरवेल को सील करने पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि स्थायी पाइपलाइन या वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना यह कदम गरीबों के साथ अन्याय है। उन्होंने अस्थायी राहत के तौर पर सार्वजनिक नलों की स्थापना और पाइपलाइन कनेक्शन की व्यवस्था करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित