रायपुर , अक्टूबर 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने फरार चल रहे शोएब ढेबर पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
पुलिस की ओर से सोमवार शाम जारी आदेश में कहा गया है कि आरोपी शोएब ढेबर पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी कराने अथवा गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को पांच हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उसके दूसरे राज्य में चले जाने की आशंका को देखते हुए वहां भी संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि मामला 14 सितंबर का है, जब कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को वॉट्सएप के जरिए विदेशी नंबर से धमकी दी गई थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर उनसे 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। मामले की जांच के दौरान शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में जमानत मिलने पर उसे छोड़ दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली। तभी से वह फरार बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित