बारां , फरवरी 16 -- राजस्थान में बारां कोतवाली थाना क्षेत्र में मांगरोल में एक मकान पर 20 लाख की फिरौती के लिए अंधाधुंध गोलियां चलाकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश में गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने सोमवार को बताया कि इन बदमाशों ने 14 फरवरी को पीड़ित अबरार अहमद के घर पर दो मोटर साइकिल पर आये छह बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। उन्होंने पीड़ित से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद इस मामले की जांच के लिये पुलिस दल का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि दल ने आरोपियों की पहले एक बदमाश शालू बाबर को गिरफ्तार किया। बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि अन्य आरोपी हरियाणा और दिल्ली होते हुए मध्य प्रदेश पहुंचे जहां उन्होंने भोपाल से इंदौर जाते समय आष्टा थाना क्षेत्र में मामूली बात पर गोलियां चलाई। इसके बाद मप्र पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके सीहोर जिला कारागृह में भेज दिया।
श्री अंदाशु ने बताया कि उसके बाद बारां कोतवाली पुलिस दल तीन आरोपियों शैवी खान उर्फ अमन बाबर, विक्की उर्फ राजा और शहनवाज अंसारी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके बारां ले आया। तीनों को न्यायालय में पेश करके तीन दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित