जालौन , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को कोतवाली उरई पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में वांछित सजायाफ्ता अपराधी महेंद्र कुमार वर्मा उर्फ महेंद्र सिंहानिया समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपितों में शंकर कुशवाहा और पूजा कुशवाहा भी शामिल हैं। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी उरई राजीव कुमार के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
क्षेत्राधिकारी उरई ने बताया कि कोतवाली उरई में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 543/2026 में बीएनएस की धारा 308(5), 308(6) और 352 के तहत तीनों वांछित थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महेंद्र कुमार वर्मा उर्फ महेंद्र सिंहानिया निवासी गांधीनगर, शंकर कुशवाहा निवासी बघौरा और पूजा कुशवाहा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और विवेचना में महेंद्र सिंहानिया के साथ कुछ अन्य लोगों के मिलकर जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों में लोगों से धन ऐंठने और विरोध करने पर मुकदमों में फंसाने की धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में यशपाल उर्फ बब्बू और शकील उर्फ रिहान भी वांछित हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार महेंद्र सिंहानिया के खिलाफ जालौन जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अभिलेख के मुताबिक उसके खिलाफ वर्ष 1999 से वर्ष 2026 तक विभिन्न मामले दर्ज हैं। इनमें कोतवाली कालपी, कोतवाली उरई, एट और थाना जालौन में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार एक मादक पदार्थ तस्करी के मामले में उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा भी हो चुकी है।
पुलिस ने बताया कि महेंद्र सिंहानिया वर्तमान में उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर था। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उरई और पुलिस टीम शामिल रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित