पटना , मई 12 -- लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में ईमानदारी और पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिये हैं।
लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आज जल भवन में आयोजित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और अभियंताओं को संबोधित करते हुये कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता का पूरा ख्याल रखा जाये। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति की जांच के लिए अधिकारी खुद मौके पर जाएं। रिपोर्ट तैयार कर 15 जून तक अद्यतन स्थिति से अवगत कराएं।
डॉ. सुमन ने कहा कि जल्द ही वह अलग-अलग जिलों में चल रहे विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण करेंगे। अच्छा कार्य करने वाले बधाई के पात्र होंगे जबकि लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यदि कोई भी अधिकारी गड़बड़ी करता है तो इसमें बदनामी सरकार की होती है। इस लिए सभी पदाधिकारियों को अपने कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विभागीय अभियंता नवाचार से जुड़ीं योजनाओं का प्रस्ताव तैयार करें, जिससे बिहार के विकास को और ऊंची उड़ान दी जा सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई के लिए बने सरकारी नलकूपों की स्थिति की जानकारी ली। उन्हों कहा कि खराब पड़े नलकूपों को जल्द से जल्द ठीक किया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित