चंडीगढ़ , जून 16 -- हरियाणा में 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पलवल स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' विषय पर योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन पलवल, हरियाणा योग आयोग, विश्वविद्यालय और जिला आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्वयं योगाभ्यास कर लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब दस वर्षों से नियमित योग कर रहे हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन प्रदान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत ने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया है।
राजेश नागर ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। विशेष रूप से बढ़ती आयु में योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मिक रूप से संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से 21 जून को आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण पर केंद्रित है। योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है बल्कि मानसिक शांति, ऊर्जा और आत्मबल भी प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से भी योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित