बीकानेर , जून 21 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर ही नहीं बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है।

श्री वैष्णव तथा केन्द्रीय विधि मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)अर्जुन राम मेघवाल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजस्थान में बीकानेर के करणी सिंह स्टेडियम में योगाभ्यास किया और लोगों को स्वस्थ जीवन और योग के महत्व का संदेश दिया।

इस मौके पर श्री वैष्णव ने कहा कि बीकानेर शौर्य भूमि है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा-निर्देशन में पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल कर निरोग रहने की बात कही। इस दौरान उन्होंने योग दिवस के अवसर पर यहाँ आने के लिए श्री मेघवाल का आभार व्यक्त किया।

वहीं, श्री मेघवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। योग व्यक्ति को अनुशासन, संयम और संतुलन का पाठ पढ़ाता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

इस अवसर पर करणी स्टेडियम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित