नयी दिल्ली , मार्च 13 -- केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को यहां विज्ञान भवन में योग महोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन के साथ ही 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 की 100 दिन की उलटी गिनती शुरू हो गयी।
इस अवसर पर श्री जाधव ने गैर संचारी रोग और विभिन्न आयु वर्गों के लिए 10 योग नियमों (प्रोटोकॉल) को भी लॉन्च किया। यह प्रोटोकॉल अलग-अलग आयु समूहों और स्वास्थ्य स्थितियों के लोगों के लिए तैयार किए गए हैं, ताकि वे अपनी सेहत की बेहतर देखभाल कर सकें और जीवन की गुणवत्ता में सुधार ला सकें।
इस अवसर पर श्री जाधव ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन बन गया है। उन्होंने कहा कि योग केवल जीवनशैली नहीं बल्कि मानसिक स्पष्टता, शारीरिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन को बढ़ाने वाला एक प्रभावी अनुशासन है।
श्री जाधव ने इस अवसर पर 'योग फॉर एयर ट्रैवल' (हवाई यात्रा के लिये योग) नाम से एक विशेष प्रोटोकॉल भी लॉन्च किया गया, जिसमें विमान यात्रा के दौरान किए जा सकने वाले पांच मिनट के सरल योग अभ्यास, श्वास तकनीक और संक्षिप्त ध्यान को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रा के दौरान तनाव कम करना, रक्त संचार सुधारना और शरीर को आराम देना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) ने 'योग 365' अभियान के तहत हैबिल्ड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया। इस पहल के तहत लोगों को रोजाना मुफ्त ऑनलाइन योग सत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि योग को दैनिक आदत के रूप में अपनाया जा सके।
इस अवसर पर आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि योग को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल पहल भी शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष ग्रिड के माध्यम से एक कृत्रिम बौद्धिकता (एआई) आधारित टूल विकसित किया गया है, जो योगासन करते समय साधकों को सही मुद्रा अपनाने में मदद करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित