सोनीपत , जून 04 -- भारतीय योग संस्थान की सोनीपत इकाई द्वारा विकास नगर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में आयोजित पांच दिवसीय मोटापा प्रबंधन शिविर का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। "जियो और जीने दो" के आदर्श वाक्य पर आधारित इस निःशुल्क शिविर में प्रतिदिन 50 से 55 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक ओम जाप के साथ हुआ। इस अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई जिला अध्यक्ष संतोष पाराशर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने मोटापे पर नियंत्रण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए योग को प्रभावी माध्यम बताया।

शिविर की सफलता को देखते हुए भारतीय योग संस्थान ने शहीद भगत सिंह पार्क में महिलाओं और पुरुषों के लिए दो नई नियमित योग कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। महिलाओं के वर्ग का संचालन मीना देवी और कृष्णा देवी करेंगी, जबकि पुरुषों के वर्ग की जिम्मेदारी जगबीर और महेंद्र को सौंपी गई है।

अंतिम दिन प्रतिभागियों को सूक्ष्म योगिक अभ्यास, विशेष व्यायाम, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। योग विशेषज्ञों ने मोटापे से मुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित