भदोही , जून 21 -- प्रधानमंत्री के आह्वान पर आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के जनपद भदोही में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को भव्य एवं व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

जिला मुख्यालय स्थित विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा, सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग कृष्ण कुमार, सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल सहित हजारों नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना। इस दौरान योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आम नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। योग दिवस को जनांदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद के सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक संदेश योगी, डॉ. प्रियंका सिंह तथा अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न स्थलों पर योग सत्र संचालित कर लोगों को योग के लाभों से अवगत कराया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रही। कार्यक्रम में वक्ताओं ने योग एवं पर्यावरण के गहरे संबंधों को रेखांकित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री के प्रयासों से वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। आज विश्व के करोड़ों लोग योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और योग एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वच्छ एवं हरित वातावरण में योग के लाभ और अधिक बढ़ जाते हैं। इसी दृष्टि से उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी वर्षाकाल में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जी सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित