सोनीपत , जून 12 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग हजारों वर्षों से मानव जीवन को संतुलन सकारात्मकता और बेहतर स्वास्थ्य का मार्ग दिखाता आया है तथा आज यह विश्वभर में मानव कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में आयोजित जिला स्तरीय योग अभ्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री ने विद्यार्थियों, महिलाओं वरिष्ठ नागरिकों और अधिकारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि 21 जून को विश्व के 200 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा, जो भारत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को दिया।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण पर आधारित है। योग बढ़ती आयु में स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से भी नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित