लखनऊ , जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने 'विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश' अभियान के तहत शहीद चंद्रशेखर आज़ाद पक्षी विहार के लिए विशेष एकदिवसीय वेलनेस एवं नेचर टूर का आयोजन किया।
'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों सहित लगभग 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यात्रा का शुभारंभ लखनऊ स्थित होटल गोमती से हुआ, जहां प्रतिभागियों ने स्वास्थ्यवर्धक भोजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में संचालित 'विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश' अभियान लोगों को प्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों और अनुभवों से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल वेलनेस, ईको-टूरिज्म और प्रकृति आधारित शिक्षण का प्रभावी समन्वय है, जो 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' के संदेश को व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ाती है।
पक्षी विहार पहुंचने पर प्रतिभागियों ने प्राकृतिक वातावरण में ताड़ासन, भुजंगासन और प्राणायाम सहित विभिन्न योगाभ्यास किए। इसके साथ ही उन्होंने झीलों का भ्रमण कर स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों का अवलोकन किया। यूपीएसटीडीसी के प्रबंधक मनोज वर्मा ने बताया कि यह पक्षी विहार प्रवासी पक्षियों का महत्वपूर्ण आवास स्थल है और प्रकृति, जैव विविधता तथा विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि इस प्रकार की पहलें अनुभवात्मक पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वेलनेस, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को एक साथ जोड़कर ऐसे सार्थक यात्रा अनुभव विकसित किए जा रहे हैं, जो लोगों को प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक भी बनाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित