मुंबई , जून 21 -- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोनी सब के कलाकारों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि योग उनकी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है और उन्हें शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में शकुनी की भूमिका निभा रहे अभिनेता चंदन आनंद ने कहा कि स्वास्थ्य व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि योग उनकी फिटनेस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और वह नियमित रूप से ऑनलाइन योग सत्रों में भाग लेते हैं। योग के अलावा वह तैराकी, साइक्लिंग और दौड़ जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी खुद को सक्रिय रखते हैं।
'यादें' में डॉ. सृष्टि अग्रवाल की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री गुलकी जोशी ने कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि मानसिक स्पष्टता और संतुलन भी प्रदान करता है। थोड़े समय का योगाभ्यास भी व्यक्ति को पूरे दिन ऊर्जावान और केंद्रित बनाए रखता है।
'हस्तिनापुर के वीर' में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे अभिनेता मनीष वधवा ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार, वज्रासन और धनुरासन उनकी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा हैं, जिससे उनकी एकाग्रता, स्मरण शक्ति और मानसिक शांति में वृद्धि हुई है।
'पुष्पा इम्पॉसिबल' में शनाया का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री मुस्कान बामने ने कहा कि योग उनके जीवन का अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक फिटनेस को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और समग्र स्वास्थ्य को भी मजबूत करता है।
कलाकारों ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सरल और प्रभावी माध्यम है तथा यह शरीर और मन दोनों को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित