, June 21 -- रायबरेली,21जून। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, विकास खंड, न्यायालय, पीएसी, आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) और एम्स तक योगमय वातावरण देखने को मिला। हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, चिकित्सक, सुरक्षा बलों के जवान, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल हुए।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में योगाभ्यास किया। उनके साथ प्रमुख सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार सागर, सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। योगाचार्य डॉ. रवि प्रताप सिंह ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास कराया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर देवेंद्रानंद महाराज और वरिष्ठ योग शिक्षक रामशरण भी उपस्थित रहे।
मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन का अभिन्न अंग है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज विश्व स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है। बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि योग दिवस पर जिले के सभी तहसील और विकास खंड मुख्यालयों सहित विभिन्न संस्थानों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी योग के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।
नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर ने 25वीं वाहिनी पीएसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जवानों और अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्रदान करती है। उन्होंने युवाओं और सुरक्षा बलों के जवानों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।
जिला न्यायालय परिसर, जिला कारागार, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह और बालिका आश्रय गृह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विशेष योग शिविर आयोजित किए गए। जिला जज अमित पाल सिंह ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा स्वस्थ जीवन के लिए इसका नियमित अभ्यास आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिशा सहित न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में महाप्रबंधक रामन कृष्णन के नेतृत्व में सप्ताहभर चले योग जागरूकता कार्यक्रमों का समापन भव्य सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। गोमती इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने योगाचार्य अमित त्रिपाठी के निर्देशन में योग किया। महाप्रबंधक ने योग को संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित