भोपाल , मई 27 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि योग और खजुराहो दोनों ही भारतीय संस्कृति के अभिन्न स्तंभ हैं तथा योग को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के 25 दिवसीय काउंटडाउन के अवसर पर यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो समूह स्मारक में आयोजित "योग महोत्सव 2026" कार्यक्रम को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि योग अब केवल व्यायाम नहीं, बल्कि 'वन अर्थ-वन हेल्थ' की भावना को साकार करने वाला जीवन दर्शन बन चुका है। राज्य सरकार 'घर-घर योग-हर व्यक्ति निरोग' अभियान के माध्यम से योग और आयुष चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष विभाग द्वारा आरोग्य मंदिरों, योग वेलनेस सेंटरों और विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के जरिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित काउंटडाउन कार्यक्रमों से देशभर में बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं और युवा पीढ़ी भी योग को सहर्ष स्वीकार कर रही है।

उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्र और राज्य के आयुष विभाग के अधिकारियों तथा जिला प्रशासन छतरपुर को इस आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित