बारां , अगस्त 01 -- राजस्थान के बारां में आगामी पंचायतराज एवं नगरीय निकाय चुनाव- 2026 की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक शनिवार को आयोजित की गई।

यह बैठक श्रीजी का चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा की अध्यक्षता में हुई। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव अशरफ देसवाली ने बताया कि बैठक में मुख्य अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन 'भाया', जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक मीनाक्षी चन्द्रावत और सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री प्रमोद जैन 'भाया' ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनभावनाओं और जनता के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती आई है। आगामी पंचायतराज एवं नगरीय निकाय चुनावों में संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन ही विजय का आधार बनेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं को चुनावी अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी योग्य, सक्रिय, संघर्षशील और जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हुए चुनाव मैदान में उतारेगी। जिला प्रभारी मीनाक्षी चन्द्रावत ने कहा कि पंचायत से लेकर नगर निकाय तक संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समन्वय एवं अनुशासन बनाए रखते हुए चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुट चुका है। प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी और कार्यकर्ताओं के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा।

जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सदैव जनहित के मुद्दों पर कार्य किया है। आगामी चुनावों में भी जनता विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के आधार पर कांग्रेस का समर्थन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित