वाराणसी , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को काशी पहुंचेंगे। प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तथा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री शहर में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी कर सकते हैं।
इस बीच वाराणसी नगर निगम द्वारा सुजाबाद-डोमरी क्षेत्र में लगभग 350 बीघा भूमि पर एक विशाल 'शहरी वन' विकसित किए जाने की योजना पर कार्य चल रहा है। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक स्वावलंबन का मॉडल प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की भागीदारी को लेकर अभी आधिकारिक प्रोटोकॉल प्राप्त नहीं हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित