, July 23 -- मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित लोगों से बरसात के मौसम में विशेष तौर पर सफाई और स्वच्छता पर ध्यान देने के साथ ही खाली स्थान पर पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कूड़ा सड़क पर न फेंकें और न ही नाली में डालें। नालों पर अतिक्रमण न करें। नालों पर यदि कब्जा होगा तो जलनिकासी बंद हो जाएगी तथा मच्छर और बीमारियों को पनपने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल का इस्तेमाल करें। शुद्धता का ध्यान रखना इसलिए भी जरूरी है कि इससे हम विषाणुजनित बीमारियों से बच सकेंगे। हमें स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग खाली स्थान पर एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं और जो भी पौधे लगाएं उनकी सुरक्षा भी करें। किसी को उखाड़ने मत दें। यह पेड़ हमें छाया, फल और ऑक्सीजन देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें जैव विविधता का भी संरक्षण करना होगा। इस लिहाज से गोरखपुर काफी समृद्ध है। यहां एक तरफ रामगढ़ताल है तो दूसरी तरफ चिलुआताल। यहां एक तरफ राप्ती नदी है तो दूसरी तरफ गोर्रा नदी। यहां जल ही जल है, इतना पर्याप्त जल संसाधन कहीं और नहीं है। हमें जल संसाधन का उचित उपयोग करना होगा।

रेनवाटर हार्वेस्टिंग की प्रेरणा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें वर्षा की एक-एक बूंद बचाने की आवश्यकता है। इसके लिए हम छोटे-छोटे प्लांट लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर मिल रहा है, इसलिए अच्छे कार्य के संरक्षण की जिम्मेदारी भी समाज को उठानी पड़ेगी। उन्होंने लोगों को सार्वजनिक जमीनों पर अतिक्रमण से बचने की सलाह देते हुए कहा कि जब आवागमन तीव्र गति से होगा तो हम अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में सफल होंगे। विकास से न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य को भी बेहतर बना सकेंगे। साथ ही इसके जरिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना योगदान दे सकेंगे।

लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर का भविष्य अति उज्ज्वल कर दिया है। जिस गोरखपुर को टूटी सड़क और फूटी किस्मत के लिए जाना जाता था, उस गोरखपुर की धरती आज सीएम योगी के विजन से सिक्सलेन फ्लाईओवर देख रही है।

इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों हर हफ्ते गोरखपुर को नए-नए विकास कार्यों की सौगात मिलती है। जबकि योगी जी के मुख्यमंत्री बनने से पहले गोरखपुर उपेक्षा का शिकार बना रहता था। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर के विकास में नित नए आयाम जुड़ते जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि सीएम योगी ने जबसे प्रदेश की सत्ता संभाली, तबसे कानून व्यवस्था लगातार मजबूत बनी और विकास कार्यों में अभूतपूर्व प्रगति हुई। उन्होंने दावा किया बकि 2027 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बननी तय है।

इस अवसर पर कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पैदल चलकर कुछ दूर तक फ्लाईओवर का भ्रमण और निरीक्षण किया। लोकार्पण के बाद वह संपूर्ण फ्लाईओवर की यात्रा करते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित