लखनऊ , अक्टूबर 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों पर अन्याय और अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही है जबकि सामंती ताकतों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

उन्होने आरोप लगाया कि अपराधियों और सामंतवादियों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। एक तरफ सत्ता समर्थक पीडीए को तरह-तरह से अपमानित कर रहे हैं। वहीं भाजपा सरकार पीडीए की नौकरी, आरक्षण और हक छीन रही है।

श्री यादव ने कहा कि रायबरेली में दलित समाज के नौजवान की पीट-पीट कर हत्या हुई। लखनऊ मे काकोरी में दलित समाज के बुजुर्ग के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया ये चंद घटनाएं है। उत्तर प्रदेश में हर दिन ऐसी न जाने कितनी घटनाएं हो रही है। पुलिस-प्रशासन ऐसी घटनाओं पर मूकदर्शक बना रहता है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में दलितों और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं देश में सबसे ज्यादा हो रही है। उन्हें अपमानित किया जाता है। सत्ता के दबाव में पुलिस असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं करती है। इस सरकार का अहंकार चरम पर है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित