सुलतानपुर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोवंश संरक्षण की दिशा में व्यापक कार्य किए गए हैं और राज्य में गायों की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।

विकास भवन के प्रेरणा कक्ष में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हजारों गौशालाओं का निर्माण कर गोवंशों के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था की गई है। सरकार गोवंश सुरक्षा और तस्करी रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई स्लॉटर हाउस नहीं है जहां गोवंश का वध होता हो। सरकार गो-हत्या रोकने के लिए सख्त नीति पर कार्य कर रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। महेश कुमार शुक्ला ने कहा कि गोवंश संरक्षण के लिए चल रहे धार्मिक और सामाजिक अभियानों को गो-सेवा आयोग का नैतिक समर्थन प्राप्त है। उन्होंने सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की।

भीषण गर्मी को देखते हुए आयोग उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में गोवंश को लू और तेज धूप से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने छप्परों के नीचे पुआल या थर्माकोल की व्यवस्था करने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा हरे चारे की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल संरक्षण ही नहीं, बल्कि गोवंश के लिए सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित