लखनऊ , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश के बजट पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे निराशाजनक और दिशाहीन बताया है। नेता विधानमंडल दल कांग्रेस आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से "सूखा और खाली" है, जिसमें प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और छोटे व्यापारियों के लिए कुछ भी नया नहीं है।

आराधना मिश्रा मोना ने आरोप लगाया कि सरकार ने इतने बड़े बजट के बावजूद कोई ठोस नई योजना पेश नहीं की। उन्होंने कहा कि करीब 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये के बजट में नई योजनाओं के नाम पर महज 43 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो कुल बजट का 5 प्रतिशत भी नहीं है। उनके मुताबिक यह बेहद निराशाजनक है और इससे सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट होती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पुरानी योजनाओं को ही दोहराया है और उन्हें ही उपलब्धि के तौर पर पेश किया जा रहा है। युवाओं के रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण तथा छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नजर नहीं आता।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि वित्तीय घाटे को पूरा करने के लिए सरकार आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का अंतिम बजट है और प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।

आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाती रहेगी और प्रदेश के विकास के लिए वैकल्पिक नीति प्रस्तुत करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित