अमरोहा , अप्रैल 16 -- पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि जनता योगी सरकार की नीतियों और विफलताओं से परेशान है और बदलाव चाहती है। श्री सिद्दीकी बृहस्पतिवार को हसनपुर में आयोजित पीडीए चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक मनमानी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता और युवा वर्ग गंभीर संकट से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और बेरोजगारी ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। साथ ही अधिकारियों की मनमानी से लोग परेशान हैं। सपा नेता ने दावा किया कि जनता का झुकाव तेजी से समाजवादी पार्टी की ओर बढ़ रहा है और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
श्री सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हाजी शब्बन, जिलाध्यक्ष मस्तराम यादव, जिला महासचिव चंद्रपाल सैनी, बदर कुरैशी, आरिफ अख्तर, यूसुफ कुरैशी, जावेद जरताब, रवि शंकर शर्मा, साजिद खान, डॉ. रईस कुरैशी, अरशद चौधरी सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित