इटावा , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के सचिव गोपाल यादव ने दावा किया है कि योगी सरकार का मंत्रिपरिषद विस्तार सपा के पीडीए फार्मूले को हर हाल में बेहद मजबूत करेगा।
श्री गोपाल यादव ने अपने गृह जिले इटावा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि 2024 के संसदीय चुनाव में सपा ने अकेले अपने दम पर सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 37 सीट हासिल की अगर इंडिया गठबंधन को जोड़ दिया जाए दोनों दलों की सीट 43 होती है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बढ़त को रोकने का काम किया है तब से भाजपा के नेता सपा के पीडीए फार्मूले से डरे और सहमे हुए नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2024 के संसदीय चुनाव में सपा को हर उस वर्ग ने वोट किया है जो कहीं ना कहीं भाजपा के कुठाराघात से पीड़ित चल रहा है और आगे आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में भी 2024 संसदीय चुनाव जैसा ही नतीजा सामने आने की उम्मीद बन रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को नौ साल से ज्यादा हो गए अभी तक तो भाजपा ने कभी भी पीड़ीए को याद नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संरक्षण में पांच फीसदी वर्चस्ववादियों द्वारा 95 फीसदी पीडीए से जुड़े हुए वर्ग का लगातार उत्पीड़न किया गया है। अब जब 2027 का विधानसभा चुनाव बिल्कुल निकट आ गया है और छह महीने चुनाव के रह गए हैं तब तीन और चार लोगों को मंत्री बना देने से क्या भाजपा के पाप मिट जाएंगे। यह कुछ ऐसे सवाल है जो कहीं ना कहीं मंत्रिपरिषद विस्तार के बाद खड़े होना लाजमी बन पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि अब लॉलीपॉप देने से कुछ नहीं होने वाला पीडीए वर्ग भाजपा की चालो को समझ चुका है और आने वाले विधानसभा चुनाव में 95 फीसदी पड़ा एकजुट होकर के भाजपा का सफाया कर देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित