, July 11 -- मुख्यमंत्री ने रोड कनेक्टिविटी को विकास के लिए अपरिहार्य बताते हुए कहा कि जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी, विकास की स्पीड उतनी ही तेज होगी। जब प्रगति तेजी से होगी तो व्यक्ति, समाज और देश की समृद्धि होगी। समृद्धि से ही खुशहाली आएगी।
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश और गोरखपुर में न तो विकास कार्य हो रहे थे और न ही जनता को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा था। तब यहां इंसेफेलाइटिस की बीमारी थी, पलायन और पिछड़ापन था। कमजोर, गरीब, महिला, किसान, नौजवान किसी तक शासन की योजना की पहुंच नहीं थी। जबकि अब डबल इंजन सरकार में तीव्रता से विकास हो रहा है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में विरासत और विकास का बेहतर समन्वय हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के पिछड़े हिस्से में गिने जाने वाले बांसस्थान को फोरलेन कनेक्टिविटी से जोड़े जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब इस क्षेत्र के लोगों के मन में कोई दुविधा नहीं है। यहां हर चेहरे पर खुशहाली दिख रही है। इस क्षेत्र के लोगों के घर तक विकास कार्यों की दस्तक हो रही है। मुख्यमंत्री ने पिपराइच विधानसभा क्षेत्र की उपलब्धियों में चीनी मिल, आयुष विश्वविद्यालय, निर्माणाधीन गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन सड़क आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास की यह गति, आर्थिक प्रगति को भी बढ़ाने में सहायक होगी।
उन्होने कहा कि फोरलेन सड़कें उन स्थानों पर भी बन रही हैं जहां के बारे में कोई सोचता भी नहीं था। उन्होंने कहा भटहट-बांसस्थान के बाद बालापार-टिकरिया मार्ग, चिउटहां-कोनी मार्ग भी फोरलेन हो रहा है। फोरलेन की कनेक्टिविटी से विकास तेज होगा और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने उम्मीदवार जताई कि लोग भाजपा सरकार के विकास अभियान से जुड़े रहेंगे।
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मोदी और योगी के नाम पर दिया गया वोट विकास की गारंटी है। यह बात जनता भी जानती है इसलिए अब वह बार-बार भाजपा की ही सरकार चाहती है। उन्होंने कहा कि यह मोदी और योगी के नाम पर दिए गए वोट की ही ताकत है कि जो मार्ग पूर्व की सरकार में चलने लायक नहीं था, अब वह फोरलेन सड़क के रूप में चमक उठा है।
सांसद ने योगी को निस्वार्थ संत व सनातन रक्षक बताते हुए कहा कि जनता की सेवा के प्रति उनके अथक परिश्रम और समर्पण के आगे विरोधी उनका मुकाबला नहीं कर सकते हैं। सांसद रविकिशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व, कर्मठता और कार्यशैली पर एक आल्हा भी सुनाया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि योगी के मार्गदर्शन में पिपराइच विधानसभा क्षेत्र निरंतर चौमुखी विकास की उपलब्धियों के शिखर पर पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने बीते नौ सालों में पिपराइच विधानसभा क्षेत्र को पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी हैं।
लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप आदि देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थी हलवाई रंजीत कुमार शर्मा व इंदु पासवान को टूलकिट, सीएम युवा योजना की लाभार्थी रूपकला को सिलाई सेंटर के लिए 2 लाख रुपये के ऋण का चेक सौंपा। इसी तरह उन्होंने ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के लाभार्थी कृष्णा प्रजापति को रेडीमेड गारमेंट उद्यम के लिए 10 लाख रुपये, श्रम विभाग की तरफ से संचालित मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के लाभार्थी इंदल निषाद व राहुल कुमार को 56-56 हजार रुपये, निर्माण कामगार दिव्यांगता सहायता योजना के लाभार्थी स्वर्गीय हरिलाल के आश्रित विजय कुमार को 2 लाख 25 हजार रुपये का चेक वितरित किया। सीएम बाल सेवा योजना की लाभार्थी अंजना पासवान व साक्षी गौड़ को मुख्यमंत्री के हाथों लैपटॉप, स्वयं सहायता समूह की लाभार्थियों विद्यावती व शोभा को समूह संचालन के लिए 1 करोड़ 2 लाख 30 हजार रुपये के ऋण फंड का चेक, विद्युत सखियों किरन मौर्या, ज्ञानमती व निरंजली देवी को थर्मल प्रिंटर प्राप्त हुआ। सीएम ने कृषि विभाग के लाभार्थी रमाशंकर को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 4 लाख रुपये और अशोक कुमार को स्ट्रॉ रीपर (भूसा मशीन) के लिए 75 हजार रुपये की अनुदान राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
योगी ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की तरफ से लगाए गए स्टालों पर जाकर संबंधित विभाग की उपलब्धियों की जानकारी ली और उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल कल्याण विभाग के स्टाल पर बच्चों को अन्नप्राशन कराया। उन्होंने बच्चों को प्यार, आशीर्वाद के साथ उपहार प्रदान किया।
जनसभा को संबोधित करने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांसस्थान स्थित वामंत माता मंदिर में दर्शन, पूजन किया। उन्होंने माता की आराधना कर लोक मंगल और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, राजेश त्रिपाठी, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था के उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित