वाराणसी , मई 4 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को काशी में जिले के आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ जारी विकास परियोजनाओं तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रूट डायवर्जन की एडवाइजरी जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री के आगमन से तीन घंटे पहले बस, टेम्पो, ट्रैवलर या कोई भी बड़ा वाहन लहुराबीर से मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। विश्वेश्वरगंज की ओर से मैदागिन की ओर भी बड़े वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
छह मई को जे.पी. मेहता इंटर कॉलेज की ओर से भोजूबीर की तरफ कोई भी वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। गिलट बाजार की ओर से भोजूबीर की ओर भी वाहनों को प्रतिबंधित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित