, July 22 -- योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस जातियों को आपस में लड़ाने का काम करती हैं। साजिश के तहत आंदोलन कराकर छात्रों को बदनाम करती हैं। उन्होंने दिल्ली में जारी आंदोलन का नाम लिए बगैर कहा कि ऐसा ही सीएए के विरोध में कराया गया था। उन्होने कहा कि बंगाल, पाकिस्तान और अफगनिस्तान में हिन्दू, जैन व बौद्धों की बौद्ध हत्या पर कांग्रेस और सपा का मुंह बंद रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विपक्ष के इन दलों ने किसानों को भड़काया अब छात्रों को भड़का रहे हैं।

मुख्यमंत्री में बूथ अध्यक्षों को सतर्क करते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा 2024 की तरफ फिर समाज में भ्रम पैदा करने की साजिश और शरारत कर सकती हैं। इसलिए बूथ स्तर पर सजग रहकर उनकी शरारतों और भ्रम को बेनकाब करते रहना होगा। सभी बूथ अध्यक्ष सरकार द्वारा कराए गए विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। लोगों के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखें।

बूथ को सबसे महत्वपूर्ण सांगठनिक इकाई बताते हुए मुख्यमंत्री ने चुनावी जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वक्तव्य का उद्धरण देते हुए कहा कि चुनाव देश, प्रदेश, लोकसभा, विधानसभा या जिले में नहीं होता बल्कि असली चुनावी लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है। इसीलिए पीएम मोदी नारा देते हैं, मेरा बूथ सबसे मजबूत। यह नारा इस बात के लिए प्रेरित करता है कि जो बूथ जितेगा वही चुनाव भी जितेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ ही किसी चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है। जिसने बूथ जीत लिया, उसने चुनाव जीत लिया और, बूथ वही जितेगा जिसके पास जन सामर्थ्य होगा, जो अधिकाधिक जनसंपर्क करेगा।

योगी ने बूथ अध्यक्षों को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे सीमा पर सैनिकों के मुस्तैद रहने से देश सुरक्षित और खुशहाल रहता है, वैसे ही सतर्क और सजग बूथ होने से हम केंद्र और प्रदेश में सरकार बनाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बूथ की ताकत से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनेगी। उन्होंने सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों की शत प्रतिशत उपस्थित के लिए उनका अभिनंदन किया और इसके लिए महानगर इकाई को साधुवाद भी दिया।

बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार में आए धारणात्मक बदलाव, विकास कार्यों और जनकल्याण का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति पूरी दुनिया की धारणा बदली है। अब भारत को संदेह की दृष्टि से नहीं बल्कि सम्मान और विश्वास के भाव से देखा जाता है। डबल इंजन सरकार में गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचा है। आवास, आयुष्मान, मुफ्त राशन, मुफ्त रसोई गैस से जुड़ी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचना सुनिश्चित हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश में 80 करोड़ और प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। जबकि पूर्व की सरकारों में गरीबों की भूख से मौत होती थी। पूर्व की सरकारों की नाकामी से कुशीनगर में कई मुसहर भूख से मर गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में खुद उनके प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने यह माना था कि सरकार द्वारा भेजे गए 100 रुपये में 15 रुपये ही गरीब तक पहुंचते थे जबकि डबल इंजन सरकार ने डीबीटी के माध्यम से गरीबों को योजनाओं का लाभ देने में शत प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित की है।

योगी ने प्रदेश और गोरखपुर में हुए अभूतपूर्व विकास और रोजगार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने संपूर्ण पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसमें न कोई सिफारिश चली और न कोई जुगाड़ या पैसा जबकि सपा सरकार में एसडीएम भर्ती में अधिकाधिक संख्या एक जाति विशेष के नाम कर दी गई। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले गोरखपुर, यूपी के नौजवान को हेय दृष्टि से देखा जाता था पर, आज यहां के नौजवान जब बाहर जाते हैं तो उन्हें सामने वाला सम्मान देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विरासत का भी सम्मान किया। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया गया। काशी विश्वनाथ और विंध्याचल धाम को निखारा गया, नैमिषारण्य तीर्थ का विकास कराया गया।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास में सिक्सलेन फ्लाईओवर को बड़ी उपलब्धि बताते हुए गुरुवार को होने वाले इसके लोकार्पण समारोह में सबको आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के इस सबसे बड़े फ्लाईओवर पर आकर सेल्फी लीजिए और इसे सोशल मीडिया पर साझा कीजिए। सम्मेलन में गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के 457 एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के 435 बूथों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि और तदुपरांत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुआ। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित