लखनऊ , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 'जनता दर्शन' में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों ने उनका तय समय-सीमा में उनका समाधान करने का निर्देश दिया।

इस दौरान योगी ने पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा, "आप बेफिक्र होकर घर जाइए, हम हर मामले का उचित निस्तारण कराएंगे।" मुलाकात के दौरान बरेली से एक महिला ने मुख्यमंत्री से कैंसर के इलाज के लिए गुहार लगाई और आर्थिक सहायता की मांग की। इसके बाद योगी ने उनसे अस्पताल का अनुमानित खर्च का ब्योरा मांगा, जिसे वह तत्काल उपलब्ध न करा सकीं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आप अस्पताल से अनुमानित खर्च मंगवा लीजिए। आप स्वास्थ्य पर ध्यान दें, इलाज की चिंता सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने मरीज को दाखिल कराने और उनके समुचित इलाज के लिए भी निर्देशित किया।

'जनता दर्शन' में राजस्व संबंधी मामले भी आए और वादकारियों को समय से न्याय दिलाना सरकार की मंशा के बारे में पूछा गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने राजस्व मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस पर जल्द निर्णय होने से वादकारियों को समय से राहत मिलती है। राजस्व से जुड़े अधिकारी समय से न्यायालय में बैठें। इस संबंध में निर्णय भी जल्द दें, क्योंकि ऐसा न होने से गरीब वादकारी अधिक प्रभावित होते हैं। वादकारियों को न्याय दिलाना सरकार की मंशा है। इसके अनुरूप राजस्व से जुड़े अधिकारी जरूरतमंदों को न्याय दिलाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित