कानपुर , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कानपुर के अपने संक्षिप्त दौरे में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की समन्वय बैठक में हिस्सा लिया और बाद में पार्टी विधायक महेश त्रिवेदी के आवास जाकर उनके पुत्र एवं पुत्रवधू को विवाह उपरांत आशीर्वाद दिया। योगी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 11 बजे नवाबगंज स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित हैलीपेड पर उतरे जहां उन्होने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। बाद में उनका काफिला कार्यक्रम स्थल दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज के लिये रवाना हो गया। योगी ने संघ और उसके अनुषांगिक संगठनो की समन्वय बैठक में हिस्सा लिया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

बैठक में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से प्रांत प्रचारक श्रीराम, प्रांत संघ चालक भवानी भीख, सह प्रांत प्रचारक मुनीश, प्रांत प्रचार प्रमुख डा. अनुपम मौजूद रहे। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि बैठक में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद थे।

बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री किदवई क्षेत्र के विधायक महेश त्रिवेदी के आवास के लिये रवाना हो गये जहां उन्होने उनके पुत्र शुभम त्रिवेदी के विवाह उपरांत्र नवदंपत्ति को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होने श्री त्रिवेदी की गोशाला में गोवंश को गुड़ खिलाया।

योगी के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित