मिर्जापुर , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विंध्याचल धाम में विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन कर पूजन किए। सारे धार्मिक अनुष्ठान स्थानीय भाजपा विधायक एवं पुरोहित रत्नाकर मिश्र एवं उनकी टीम के आचार्यों द्वारा सम्पन्न कराया गया। पूजन सामग्री आदि की व्यवस्था मुख्यमंत्री के यहां पहुंचने से पहले कर ली गई थी। मुख्यमंत्री के रूप में मां विंध्यवासिनी धाम में यह बीसवीं यात्रा रही।इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार योगी आदित्यनाथ के विंध्याचल हैलीपेड पर पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों एवं मंत्री आशीष पटेल सहित कार्यकर्ताओ द्वारा बुके देकर उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने धाम में मां विंध्यवासिनी देवी के गर्भ गृह में मां के चरणों में वैदिक मंत्रों के बीच मत्था टेक कर दर्शन पूजन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित