प्रयागराज , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज के दौरे पर पहुंचे और उन्होंने नगर निगम कार्यकारणी के तीन साल पूरे होने पर 'तीन साल बेमिसाल' पुस्तिका का विमोचन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम की 400 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने प्रयागराज मेला प्राधिकरण की वेबसाइट का भी उद्घाटन किया।

श्री योगी ने नगर निगम के सफाई कर्मियों को किट प्रदान किया और नगर निगम द्वारा तैयार की गई लघु फिल्म का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने 100 घर घर कूड़ा उठाने वाले ई वाहनों और डिजास्टर रिस्पांस वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने नगर निगम परिसर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जमकर सराहना की।

श्री योगी ने कहा कि नगर निगम को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि सदी के महाकुंभ को संपन्न कराने में अपना योगदान दिया। उन्होंने नगर निगम के विकास कार्यों को लेकर कहा कि हम रुके और झुके नहीं हैं हम मां गंगा की धारा की तरह ही अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वेस्ट टू वेल्थ की सक्सेस स्टोरी शिवालिक पार्क है।

उन्होंने कहा पहले संगम में अक्षय वट का दर्शन करने की अनुमति नहीं थी। वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से अक्षय वट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। सरस्वती कूप के भी लोग दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। पूरी निष्ठा से विकास के कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने उप्र और खासतौर पर प्रयागराज की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि आज से नौ साल पहले प्रयागराज में आतंक का माहौल बना हुआ था। विकास ठप हो गया था अराजकता का तांडव होता था। आज प्रयागराज अपराध, माफियागिरी और गुंडागर्दी से मुक्त हो चुका है। प्रयागराज में बेटी हो या व्यापारी सुरक्षित होकर निकल सकते हैं। कोई छेड़ने का दुस्साहस नहीं कर सकता है। जो छेड़ेगा वह उसकी कीमत भी चुकाएगा। डबल इंजन सरकार सुरक्षा भी देगी। सुशासन के लक्षण को भी प्राप्त करेंगे। समृद्धि के लिए नित नए प्रयास करेगी। आपके घरों में खुशहाली हो, इसके लिए हर संभव सरकार प्रयास करेगी। 45 दिनों तक महाकुंभ में प्रयागराज वासियों का आगमन बाधित था लेकिन किसी ने कोई आवाज नहीं उठाई।

मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि आज गंगा एक्सप्रेस से सात घंटे में दिल्ली पहुंच सकते हैं। शहर उत्तरी में 1000 करोड़ का गंगा नदी पर पुल स्वीकृत किया गया है।जल्द ही प्रधानमंत्री आयोजन में छह लेन जनता पर बना रहे पुल का लोकार्पण करेंगे। श्री योगी नगर निगम के कार्यक्रम के बाद संगम तट पर गए जहां उन्होंने गंगा आरती की और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन किया जिसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित