लखनऊ , फरवरी 21 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 22 फरवरी को प्रस्तावित मेरठ दौरे से पहले मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल में तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेरठ कार्यक्रम ऐतिहासिक और भव्य होना चाहिए। शनिवार को मेरठ पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल, रेलवे स्टेशन और संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल के विस्तार और मेरठ मेट्रो सेवा का शुभारंभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरी और औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह परियोजना तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता संभावित है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित रहनी चाहिए।
उन्होने पार्किंग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त संख्या में स्थापना तथा बहुस्तरीय एवं समन्वित सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि सुरक्षा और सुगमता के मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
रविवार को प्रधानमंत्री 12,930 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक लगभग पांच किलोमीटर का खंड तथा मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो रेल सेवा शामिल है। प्रधानमंत्री मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में इन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा भी करेंगे। इसके उपरांत प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटिक, मेरठ के सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया तथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित