वाराणसी , अक्टूबर 15 -- योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम नमो घाट का स्थलीय निरीक्षण कर आगामी 22 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। एयर शो में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नमो घाट के साथ ही अन्य गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने और एयर शो से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने उन्हें तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने मानचित्र के माध्यम से भी प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नमो घाट से अस्सी घाट तक गंगा घाटों की पेंटिंग कराने को भी कहा।

इसके अलावा एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगवाने और प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण कराने के निर्देश विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित