लखनऊ , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने बहुगुणा को लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी ने सामाजिक जन-जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को प्रखर करने के लिए निरंतर प्रयास किए।

योगी ने कहा कि बहुगुणा जी का जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश (वर्तमान उत्तराखंड) के जनपद पौड़ी के एक साधारण परिवार में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज का रुख किया, जहां छात्र जीवन के दौरान ही वे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े और एक सक्रिय छात्रनेता के रूप में उभरे।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1942 में छात्रनेता के रूप में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। स्वतंत्र भारत में उन्होंने जनप्रतिनिधि, मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं और उल्लेखनीय कार्य किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी ने प्रयागराज को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए कार्य समाज के प्रत्येक वर्ग, देश की समृद्धि और आमजन के कल्याण के लिए समर्पित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित