झांसी , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम झांसी प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में 5 नए सुइट और 10 बेड की डॉरमेट्री का शुभारंभ किया।

सर्किट हाउस में बने ये 5 सुइट वीवीआईपी/वीआईपी अतिथियों के लिए हैं, जबकि 10 बेड की डॉरमेट्री कर्मचारियों की सुविधा के लिए तैयार की गई है। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर इसका लोकार्पण किया। इसके बाद योगी ने सर्किट हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। सर्किट हाउस पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस मौके पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, महापौर बिहारी लाल आर्य, विधायक राजीव सिंह, रवि शर्मा, उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित