महराजगंज , मई 15 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महराजगंज में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, टूलकिट तथा आवास की चाबियां वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत अंगद को तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सीमा कन्नौजिया को टूलकिट प्रदान की। पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत राजकुमार कुशवाहा को 30 लाख रुपये की धनराशि का चेक दिया गया, जबकि ग्राम प्रधान पंचायत कल्याण कोष योजना के तहत बिजना देवी को 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में एपीओ कंचन मौर्या फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक सुरेंद्र कुमार को कृषि यंत्र वितरण के लिए अनुदान राशि का चेक सौंपा गया। इसी क्रम में द्वारिका को अनुदान राशि से संबंधित ट्रैक्टर की चाबी दी गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत प्रतिभा जायसवाल को पांच लाख रुपये की परियोजना लागत का चेक प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अवतारी देवी को आवास की चाबी सौंपी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से विनोद को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत उर्मिला देवी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। लोकार्पित परियोजनाओं में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली पांच परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा बृजमनगंज में 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर स्थापना तथा सात राजकीय विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय एवं शौचालय निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। फरेन्दा में 4.90 करोड़ रुपये की लागत से लेहड़ा देवी मंदिर के समेकित पर्यटन विकास कार्य का भी लोकार्पण हुआ।

मुख्यमंत्री ने नौतनवा एवं फरेन्दा में 14 मार्गों और तीन लघु सेतुओं के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 55 करोड़ रुपये की लागत से 21.50 किलोमीटर लंबे मदरी-महदेड्या-चकदह-शाहपुर धोतिअहवा-कजरी मार्ग निर्माण परियोजना का भी शिलान्यास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित