, May 21 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में वाटर स्पोर्ट्स की संभावना बहुत समृद्ध है। प्रदेश में विश्व प्रसिद्ध पावन नदियां जैसे गंगा, यमुना, सरयू, गंडक, राप्ती विद्यमान है, जहां वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश में बलिया, कुशीनगर, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, कानपुर जैसे शहरों में वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सकता है। इन गतिविधियों के लिए आज प्रदेश में आधुनिक ईको सिस्टम की उपलब्धता है।
योगी ने जूनियर नेशनल रोइंग चौंपियनशिप के दो फाइनल मुकाबलों (दो किमी बालिका डबल स्कल और दो किमी बालक क्वाड्रपल स्कल) का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने ताली बजाकर खिलाड़ियों के जुनून की सराहना की। इसके पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर रोइंग फेडरेशन/एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हाथ जोड़कर सीएम योगी का स्वागत किया तो उन्होंने सबका अभिवादन स्वीकार किया।
46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चौंपियनशिप के बालिका वर्ग में प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल चौंपियन बनने की ट्रॉफी मध्य प्रदेश (एमपी) ने जीती। जबकि बालक वर्ग की चौंपियनशिप पर आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी की टीम ने आधिपत्य जमाया। इन टीमों को ट्रॉफी देकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कृत किया साथ ही उन्होंने मुकाबलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया।
जूनियर नेशनल रोइंग चौंपियनशिप के समापन समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हरेक क्षेत्र में विकास की नजीर पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि योगी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों के लिए हर तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर और भरपूर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। खेल इंफ्रास्ट्रक्चर हो या फिर खिलाड़ियों के पुरस्कार और उन्हें सरकारी नौकरी देने की बात, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ये कार्य सतत जारी हैं।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास हो चुका है तो यहां का रामगढ़ताल रोइंग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में जिस रामगढ़ताल की पहचान गंदगी और अपराध से जुड़ी हुई थी, जहां गोलियां चलती थीं, वहां अब सीएम योगी के विजन से रोइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हो रहीं हैं।
स्वागत संबोधन रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एम. बालाजी मरडप्पा तथा यूपी रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित