लखनऊ , जुलाई 21 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह 10:30 बजे उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की अहम बैठक होगी जिसमें 20 से अधिक प्रस्तावों पर विचार किये जाने की संभावना है।

महिलाओं के लिए छात्रावास, इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार, दो नए एक्सप्रेसवे और विधानमंडल के मानसून सत्र से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय होने की संभावना है। मंत्रिमंडल के समक्ष दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा। इनमें पहला प्रयागराज-सोनभद्र एक्सप्रेसवे है, जिसकी प्रस्तावित लंबाई करीब 330 किलोमीटर होगी। दूसरा विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे है, जो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा और इसकी लंबाई लगभग 117 किलोमीटर प्रस्तावित है।

इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे तथा लखनऊ एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली परियोजना सहित अन्य सड़क परियोजनाओं के ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड में निर्माण के लिए विकासकर्ता के चयन संबंधी प्रस्ताव पर भी कैबिनेट निर्णय ले सकती है।

बैठक में महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह, उच्च शिक्षा, परिवहन, राज्य कर, स्टांप एवं पंजीयन तथा सहकारिता विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। महिलाओं के लिए नए छात्रावासों के निर्माण और सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए ई-बसों के संचालन से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है।

कैबिनेट में उत्तर प्रदेश विधानमंडल के आगामी मानसून सत्र की तिथि तय करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। माना जा रहा है कि सत्र अगस्त के पहले सप्ताह में बुलाया जा सकता है, जिसमें सरकार अपने विधायी कार्यों को आगे बढ़ाएगी। आगामी मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार हैं। विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार विकास कार्यों और अपनी उपलब्धियों को प्रमुखता से रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित