वाराणसी , जुलाई 27 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 जुलाई को संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर काशी आगमन की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस क्रम में सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास मंदिर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक जाने वाले मार्ग को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रविदास गेट से सोनारपुरा, बंगाली टोला और गोदौलिया मार्ग तक पाथवे तथा नालियों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मार्ग पर आवश्यकतानुसार आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने तथा सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए पैचवर्क का कार्य शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने विद्युत विभाग को मार्ग पर लटक रहे ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित