गोरखपुर , मई 16 -- केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ.दस वर्षों में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश में एक नई और मजबूत पहचान बनाई है।

श्री पुरी ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में पिछले कुछ सालों से उन्होंने उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन देखा है, वह अद्भुत है। वह दावे से कह सकते हैं कि जो काम यूपी में होते देखा है ऐसा शानदार उदाहरण देश में कहीं और नहीं दिखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने नई पहचान बनाकर अन्य राज्यों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की चर्चा यहां की जनसंख्या को लेकर होती थी लेकिन अब यह विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन के लिए जाना जाता है। कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार से निवेशकों में नया विश्वास पैदा हुआ। विकास और रोजगार की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेशकों का पसंदीदा गंतव्य बन गया है।

श्री पुरी ने कहा कि योगी की छवि सख्त दृढ़ प्रशासक की है। साथ ही उनमें हर विषय को गहराई में देखने का सामर्थ्य है। किसी विषय को बारीकी से समझकर ही वह निर्णय लेते हैं और उसे क्रियान्वित करते हैं। उन्होंने एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर शनिवार सुबह हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए कहा," योगी जी ने कहा है कि राष्ट्र हित में वह एथेनॉल ब्लेंडिंग के प्रस्ताव को यूपी में लागू कर देंगे।" उन्होंने शहरी आवासन मंत्री के रूप में पीएम आवास योजना से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए बताया कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश से सिर्फ 17 हजार आवासों की डिमांड आई थी जबकि योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह 17 लाख भी पार कर गई।

केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश में रोड, एयर, मेट्रो कनेक्टिविटी, डिफेंस कॉरिडोर, हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर, एजुकेशन के क्षेत्र में हुई प्रगति को उल्लेखनीय बताया। साथ ही कहा कि यूपी में हरित ऊर्जा और कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) के क्षेत्र में बहुत संभावनाएं हैं। यह किसानों की आय बढ़ाने में भी मददगार है। उन्होंने कहा कि यूपी में लग रहे सीबीजी प्लांट वेस्ट टू वेल्थ विजन को साकार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित