बाराबंकी , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि टिप्पणी का विरोध करने पर मदरसा संचालक के पुत्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट की। घटना के बाद ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार दरियाबाद थाना क्षेत्र के गांव निवासी रंजना वर्मा और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री के संबंध में की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध किया था। आरोप है कि इससे नाराज मदरसा संचालक के पुत्र जकरिया ने अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित गोलू वर्मा का आरोप है कि करीब 20 से 25 लोग उनके घर के बाहर एकत्र हो गए थे, जिनमें चार लोग घर के भीतर घुस आए और गाली-गलौज और मारपीट करने लगे।

गोलू वर्मा के का आरोप है घर में घुसे आरोपियों में से एक युवक के हाथ में चाकू भी था जिससे परिवार के लोग भयभीत हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर मदरसा संचालक के पुत्र जकरिया समेत दो लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं, जिसके बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश शर्मा मिरकापुर गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित महिला रंजना वर्मा से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मदरसे से जुड़े तथ्यों की जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने जकरिया, आदिल, जीशान समेत चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा आवश्यक होने पर आईटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित