वाराणसी , सितंबर 9 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को वाराणसी दौरे से पहले शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पोस्टर चर्चा का विषय बन गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दीपक सिंह राजवीर की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में विपक्ष पर निशाना साधते हुए उसे मौकापरस्त और भ्रष्टाचारी बताया गया है।

पोस्टर में वर्ष 2027 में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया है। इसमें भाजपा सरकार को स्थिरता और विकास का प्रतीक बताते हुए विपक्ष पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। श्री राजवीर ने कहा कि वह भाजपा के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां स्पष्ट हैं और जनता के विकास को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाती हैं तथा उन्हें धरातल पर उतारा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष परिवारवाद और भ्रष्टाचार से घिरा हुआ है।

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ नौवें राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुधवार को काशी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा वह पिंडरा में महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत महिलाओं को सम्मानित भी करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित