लखनऊ , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश की शुरुआत मां दुर्गा के आशीर्वाद से करते हुए कहा कि आध्यात्मिक प्रेरणा और जनसहभागिता के बल पर उत्तर प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।

उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं के प्रभाव से महिलाएं अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और स्वास्थ्य तथा शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश के युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश रोजगार और निवेश का केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलने की बात भी कही।

शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब गरीब और श्रमिक वर्ग के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है, जिसके लिए अटल आवासीय विद्यालयों जैसी पहलें की गई हैं।

इसके अलावा, वंचित और पिछड़े वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, कानून-व्यवस्था में सुधार और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को भी पत्र में प्रमुखता से शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे सरकार के निरंतर प्रयासों और जनसमर्थन का परिणाम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित